सवा दो लाख बच्चों का पिलाई जाएगी विटामिन ए की खुराक
सीएचसी खलीलाबाद से सीएमओ करेंगे अभियान का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। 22 दिसंबर से चलने वाले बाल स्वास्थ्य पोषण माह के तहत मंगलवार को सीएचसी खलीलाबाद पर आशा कार्यकर्ता व स्वास्थ्य कर्मियों की बैठक हुई। इसमें विटामिन ए की खुराक बच्चों को दिए जाने की रणनीति तैयार हुई।
सीएचसी अधीक्षक डॉ वीके सोनी ने बताया कि 22 दिसंबर से बाल स्वास्थ्य पोषण माह अभियान चलेगा। उसका उद्घाटन सीएचसी पर सीएमओ सुबह 10 बजे करेंगे। इस अभियान के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक के 2.25 लाख बच्चों को विटामिन से आच्छादित किया जाएगा। कोविड को देखते हुए विटामिन ए देने के दौरान आशा कार्यकर्ता को इस बात का ध्यान देना होगा कि सत्र परएक समय में 10 से अधिक बच्चे एकत्र न हो। बच्चों को डिस्पोजल चम्मच के जरिए ही विटामिन ए की खुराक दी जाएगी। किसी को भी बुखार या खांसी तथा सांस लेने में तकलीफ हो तो वह सत्र पर न आए। वहीं हर ब्लॉक में 20 सत्रों का चिकित्साधिकारियों की ओर से अनुश्रवण भी किया जाएगा। इस दौरान वीपीएम अभय त्रिपाठी, महेंद्र त्रिपाठी, मनोज मिश्र, राजेंद्र पाल, सरोज यादव, मीनू शर्मा, ललिता देवी, मनोरमा, मुन्नी देवी, मीना देवी समेत अन्य मौजूद रहे।