सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
मेंहदावल क्षेत्र कीग्राम पंचायत विसौवा के टोला सरहड़ी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। क्षेत्र की ग्राम पंचायत विसौवा के टोला सरहड़ी का मुख्य मार्ग काफी समय से बदहाल व गड्ढे में तब्दील हो गया है। हर बरसात में जल जमाव की समस्या उत्पन्न होती है। जलजमाव व कीचड़ के मुक्ति के लिए ग्रामीणों ने गांव में रविवार को प्रदर्शन कर मार्ग की मरम्मत की मांग की।
ग्रामीण बैजनाथ व गोरखनाथ के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि कई वर्ष पूर्व सरहड़ी में बना सीसी रोड बदहाल है। गिट्टियां उखड़ गईं हैं। सड़क में दो से तीन फीट गड्ढे बने हुए हैं। बरसात के समय में इस सड़क पर चलना काफी कठिन हो गई है। जलजमाव व कीचड़ के कारण ग्रामीणों को आवागमन में असुविधा हो रही है। ग्राम पंचायत अधिकारी व खंड विकास अधिकारी तक फरियाद करते हुए इस समस्या से निजात दिलाने की बात कही, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी की उदासीनता के कारण इस समस्या से गांव मुक्त नहीं हो पाया। गांव में सड़क व जल निकासी की समस्या चरम पर है। ऐसे में एक माह के अंदर सड़क निर्माण नहीं शुरू हुआ तो गांव के लोगों के साथ विकास खंड का घेराव किया जाएगा। इस दौरान अवधेश, भोलेनाथ, मुकेश, ओमप्रकाश, रंजीत, चंदन, शोभनाथ, दीपू, ओम प्रकाश, चंद्र भूषण, अशोक, हरिशंकर आदि मौजूद रहे।