सेमरियावां में टला टेंडर प्रक्रिया, बीडीओ करेंगी जांच
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां के क्षेत्र पंचायत की टेंडर प्रक्रिया की शिकायत पर टीएसी जांच के लिए मंडलायुक्त बस्ती ने निर्देश दिए हैं। वहीं संयुक्त विकास आयुक्त बस्ती ने बीडीओ रेनू चौधरी को टेंडर प्रकरण की जांच कर एक सप्ताह के अंदर रिपोर्ट मांगी है। आरईएस के सहायक अभियंता टेंडर खोलने के लिए ब्लॉक पर पहुंचे थे। संयुक्त विकास आयुक्त के निर्देश की जानकारी होने पर वे बैरंग लौट गए।
सेमरियावां क्षेत्र पंचायत सदस्य बीनू तिवारी एवं अन्य लोगों की ओर से टेंडर प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाकर डीएम समेत मंडलायुक्त एवं संयुक्त विकास मंडल से शिकायत की थी। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया के लिए अधिकृत सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा योगेंद्र प्रसाद शुक्ला अपने रिश्तेदारों को मनमानी व फर्जी तरीके से क्षेत्र पंचायत टेंडर देना चाह रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों की शिकायत पर संयुक्त विकास आयुक्त बस्ती मंडल ने खंड विकास अधिकारी को दस जनवरी तक सारी शिकायतों की जांच कर साक्ष्य सहित आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंडलायुक्त बस्ती ने टेंडर प्रकरण की टीएसी जांच के निर्देश दिए हैं।
सेमरियावां विकासखंड मुख्यालय पर टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप देने पहुंचे सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा को संयुक्त विकास आयुक्त के निर्देेश की जानकारी होने पर वापस लौटना पड़ा। इस दौरान टेंडर डाले कई फर्म के लोग जुट गए थे। इससे एक बार फिर टेंडर प्रक्रिया पर विराम लग गया है। वहीं इस संबंध में सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा योगेंद्र प्रसाद शुक्ला ने बताया कि सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि वह उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सही प्रक्रिया पूरी करने वालों को प्राथमिकता देना चाहते हैं। कुछ लोग दबाव बनाकर कार्य कराना चाहते हैं, जो वह नहीं करना चाहते हैं। वह दबाव में कोई भी गलत कार्य नहीं करेंगे।