कश्मीर में शिक्षिका की हत्या से शिक्षकों में रोष
आरोपियों पर कार्रवाई के लिए किया प्रदर्शन
संतकबीरनगर। कश्मीर में शिक्षिक रजनीबाला की हत्या के विरोध में मंगलवार को राज्य शैक्षिक महासंघ ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। गृहमंत्री को संबोधित मांग पत्र कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
महासंघ के जिलाध्यक्ष नवीन त्रिपाठी ने कहा कि कश्मीर में शिक्षकीय कर्तव्य पर जा रहीं शिक्षिका रजनी बाला की जिस कायराना रूप से अलगाववादी तत्वों ने हत्या की है, उससे राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश से जुड़े देश व प्रदेश के शिक्षक आक्रोशित हैं। शिक्षक अपने विद्यालय में विद्यार्थियों को बिना भेदभाव के मानव और राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करता है। वह अपने शिक्षकीय कर्तव्य को बिना भय के समुचित रूप से निभा सके इसके लिए उन्हें एक सुरक्षित और निर्भय वातावरण देने की जिम्मेदारी शासन की बनती है।
महासंघ की मांग है कि कश्मीर घाटी में शिक्षकों को अपने कर्तव्य निर्वहन के लिए समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तथा दिवंगत शिक्षिका के हत्यारोपियों और उन्हें प्रश्रय देने वालों पर कार्रवाई की जाए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अजीत सिंह, अमरेश चौधरी, अनूप सिंह, मनोज पांडेय, सर्वेश त्रिपाठी, शमशाद, विवेक पांडेय, विजेंद्र, भोला नाथ, मुरलीधर शुक्ला, नित्यानंद, संदीप त्रिपाठी, शशांक पांडेय आदि मौजूद रहे।