रैली निकाल मतदान के प्रति दिलाई शपथ
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित हुए कार्यक्रम, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां बच्चों ने मतदाता जागरुकता रैली निकाली, वहीं लोगों को शपथ भी दिलाई गई। मुख्य कार्यक्रम हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में हुई। चुनाव को समावेशी, सुलभ और सहभागी बनाने की थीम पर आधारित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।
डीएम ने अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं लोगों को मतदाता जागरुकता की शपथ दिलाई। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके एवं पहली बार मतदान प्रक्रिया में भाग ले रहे कुछ युवक-युवतियों को मतदाता पहचान पत्र वितरित कर उन्हें स्वयं मतदान करने एवं परिवार के अन्य सदस्यों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में मतदाताओं को जागरूक करने की दिशा में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाए जाने का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्ष भागीदारी और इसके लिए आम आदमी को जागरूक करना है, जिससे मताधिकार के प्रति लोगों में दायित्व और कर्तव्य का बोध हो और मतदाता मतदान के प्रति उत्साहित रहे। उन्होंने सशक्त लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका और महत्व पर बल देते हुए कहा कि मतदान के दिन सभी को अपनी दिनचर्या का सर्वाधिक महत्वपूर्ण कार्य मनाते हुए वोट डालना है। उन्होंने दिव्यांग आइकॉन मतदाता प्रमोद कुमार दूबे और परवेज अहमद खान के माध्यम से जनपद के सभी दिव्यांग मतदाताओं से देशहित और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के दिशा में तीन मार्च 2022 को अनिवार्य रूप से मतदान करने और कराने की अपील की। राष्ट्रीय मतदाता दिवस को यादगार बनाने तथा मतदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए हवा में गुब्बारे भी छोड़े गए। एडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य हर पात्र युवक-युवतियों को मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ-साथ मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर होना चाहिए। उन्होंने जनपद में विशेष रूप से महिलाएं एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया। इस अवसर पर एसडीएम नवीन श्रीवास्तव, डीआईओएस गिरीश सिंह, बीएसए दिनेश कुमार आदि ने संबोधित किया। जनपद के अन्य सभी कार्यालयों में भी कार्यालयाध्यक्षों ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई तथा विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व और मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी प्रदीप कुमार, एसडीएम रविंद्र कुमार, अखिलेश सिंह यादव, तहसीलदार सदर आलम शेख, सुरेश कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे। इसी क्रम में एसपी डॉ. कौस्तुभ ने पुलिसकर्मियों को दिलाई। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह और सीओ अंशुमान मिश्र आदि मौजूद थे।
धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार धनघटा में रैली निकालकर मतदाताओं को वोट डालने के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले सुपरवाइजर और बीएलओ को सम्मानित भी किया गया। तहसील परिसर से एसडीएम योगेश्वर सिंह के नेतृत्व में निकाली गई रैली धनघटा चौक होते हुए सुरैना चौराहे पर पहुंची और वहां से टेमा होते हुए धनघटा बाजार पहुंचकर समाप्त हुई। स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज गागरगाड के छात्र रैली में प्रतिभाग किए। इस मौके पर संदीप श्रीवास्तव, संजय कुमार, सुनील कुमार, जोखन प्रसाद, सुनीता यादव, शशि भूषण, अब्दुल मोईद, शैलेश सिंह, बीएलओ हेमंत कुमार, किशोरी लाल, राम सजन, ज्ञान प्रकाश, संतोष कुमार, सुनील कुमार और बृजनंदन पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। तहसीलदार रत्नेश तिवारी, नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी, विवेकानंद, उदयभान, इम्तियाज अहमद, सुनील गौड़, विकास, राजू रंजन और अभिषेक आदि मौजूद थे।
निर्भीक होकर मतदान करें : बीडीओ
सेमरियावां। ब्लॉक मुख्यालय पर मंगलवार को खंड विकास अधिकारी हरि पूजन सिंह के नेतृत्व में ब्लॉक कर्मियों ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया। इस दौरान बीडीओ ने सभी को मतदान के लिए जागरूक करने और आदर्श आचार संहिता के पालन की शपथ दिलाई।
बीडीओ ने कहा कि लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने और स्वतंत्र, निष्पक्ष निर्वाचन की गरिमा का अनुरक्षण रखते हुए निर्भीक होकर, धर्म, जाति, भाषा व अन्य किसी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्वाचन में मताधिकार का प्रयोग करें। इस दौरान मुख्य रूप से एडीओ पंचायत मईनुद्दीन सिद्दीकी, एडीओ आईएसबी संतराम चौधरी, एकाउंटेंट प्रवीन कुमार यादव, रामसूरत, किताबुद्दीन, जलील अहमद, लक्ष्मी प्रसाद और बाबूलाल समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
मतदाता जागरुकता रैली निकली
मेंहदावल। मतदाता दिवस के अवसर पर मंगलवार को तहसील परिसर से मतदाताओं को अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेमलता महाविद्यालय अछियां के एनएसस छात्र/छात्राओं द्वारा मतदाता जागरुकता रैली निकाली गई। रैली को रवाना करते हुए एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मतदान ही एक अच्छे लोकतंत्र की जान है। हमें अपने मत का सही उपयोग कर मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करना चाहिए। रैली तहसील परिसर से पेट्रोल पंप तिराहे, सीएचसी होते हुए रोडवेज परिसर के बाद पुन: तहसील परिसर पहुंची। तहसीलदार निशा श्रीवास्तव ने छात्रों से अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी अब्दुल हन्नान अंसारी, विनय सिंह, डॉ विश्वमूर्ति मणि त्रिपाठी, ओमधर दूबे, राजेश कुमार और विकास त्रिपाठी आदि मौजूद थे।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने मतदाताओं को जागरूक किया
संतकबीरनगर। गंगा देवी कपिलदेव तिवारी पीजी कॉलेज भुजैनी में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्लोगन, विचार गोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. अमित सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान का अधिकार सर्वोपरि है। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश झा ने कहा कि हमारे संविधान हमें मतदान करने का अधिकार दिया है। अपने इस अधिकार की पहचान कर उसका सही से उपयोग करना चाहिए। धर्म एवं जाति से ऊपर उठकर चुना गया जनप्रतिनिधि सदा अपने क्षेत्र के विकास पर ध्यान देगा। स्वयंसेवकों ने भुजैनी गांव में घर-घर जाकर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में मुख्य नियंता डॉक्टर रंगनाथ तिवारी, हरिशंकर शुक्ला, दुर्गेश शुक्ला, प्रमोद यादव, अरशद खान, वंदना यादव, संजय पाल, विजयलक्ष्मी, शैलेंद्र चौधरी, शूरसेन मिश्र और भूपेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।