टैबलेट और 21 हजार का चेक पाकर मुस्कुराए होनहार
- कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित
- हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉप टेन मेधावियों का सम्मान हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप टेन में स्थान बनाने वाले 25 होनहारों को टैबलेट और 21 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। टैबलेट और चेक मिलने पर छात्र मुस्कुराए और सरकार के प्रति आभार जताया।
मुख्य अतिथि मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल ने कहा कि यह हमारे विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की दिशा में बड़ी पहल है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया का सपना साकार किया जा रहा है। यह पीएम मोदी और सीएम योगी के सक्षम नेतृत्व में ही संभव हो पाया है कि कोरोना महामारी ने जहां बड़े विकसित और ताकतवर देशों को असहाय कर दिया। हमारे देश ने कोरोना का मुकाबला बहादुरी से किया। सीएम योगी के नेतृत्व में सबका साथ व सबका विकास का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ होती है तो काम भी दिखता है। एक समय नौकरी की तलाश में बाहर जाने वाले यूपी के युवकों को हेय दृष्टि से देखा जाता था, लेकिन अब यूपी के प्रति देश दुनिया का नजरिया बदला है। 2017 से पहले प्रदेश में बेरोजगारी की दर 18 फीसदी थी, जो अब घटकर साढे़ चार प्रतिशत तक आ गई है। डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि इन टॉप टेन छात्रों से यही आशा है कि आगे भी वह इसी प्रकार अपने माता-पिता और जिले का नाम रोशन करेंगे। एक लक्ष्य बनाकर तैयारी करेंगे तो सफलता जरूरत मिलेगी। कार्यक्रम आयोजक डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉप टेन में जगह बनाने वाले 25 छात्र-छात्राओं को टैबलेट और 21 हजार का चेक दिया गया है। अभी यह क्रम आगे भी चलेगा। जिसमें जिले के 54 हजार छात्र-छात्राओं को लैपटाप और टैबलेट दिया जाना है। आभार ज्ञापन माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष हरिबख्श सिंह और संचालन ध्रुवचंद पाठक ने किया। इस दौरान एडीएम मनोज सिंह, पीडी डीडी शुक्ल, सांसद प्रतिनिधि आनंद त्रिपाठी, प्रधानाचार्य निशा यादव, माला तिवारी, नीतू यादव, सुनीता सिन्हा, उमेश गौतम, यूूनुस अख्तर, राकेश सिंह, राजकपूर तिवारी, उमेश गौतम, दुर्गेश, नकुल गौतम, अजीत, रवि प्रकाश पांडेय और जय प्रकाश समेत अन्य लोग मौजूद थे।
इन्हें मिला टैबलेट और चेक
हाईस्कूल के मेधावी अश्विनी गुप्त, सूरज यादव, कविता, अनुज वर्मा, दिव्या, प्रशांत चौधरी, द्रवित देवी, अनवर अली, नित्या प्रकाश पांडेय, अर्चना, प्रिया, विकास यादव, अतुल सिंह शामिल है। इंटरमीडिएट के प्रभा द्विवेदी, महेंद्र सिंह, प्रभाकांत यादव, शिव प्रताप, शिखा पटेल, शीतल यादव, अंकुर, दीपक कसौधन, अर्पित विश्वकर्मा, शबिस्ता खातून, प्रिया कसौधन और दिव्यांश को टैबलेट और चेक मिला है।