हत्यारोपी ससुर और साला भेजा गया जेल
- विसरा रिपोर्ट में जहर देेकर मारने की हुई पुष्टि
- अन्य आरोपियो की पुलिस कर रही तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
कांटे/संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस ने युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे ससुर और साले को शुक्रवार को नौरंगिया के पास से गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। जबकि अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
एसएसआई राकेश मिश्र ने बताया कि बड़ेला गांव निवासी पवन चौधरी ने कोतवाली में आठ सिंतबर को आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कराया था। आरोप था कि उसके 32 वर्षीय बेटे दीपक की शादी कोतवाली क्षेत्र के जिगिना गांव के जगराम चौधरी की बेटी रीना चौधरी के साथ हुई थी। बेटे और बहू में संबंध ठीक नहीं था। बहू उसके बेटे को रास्ते से हटाने की योजना बनाती थी। बहू ने योजना के तहत उसके बेटे दीपक को सात सितंबर 2021 को दोपहर में अपने मायके जिगिना भेज दिया। बेटा ससुराल गया तो ससुराल वाले सीने पर तमंचा सटाकर जबरन उसके बेटे को जहर पिला दिए। हालत खराब होने पर सूचना मिली तो लोग बेटे की ससुराल जिगिना गए तो पता चला कि पास ही में स्थित एक रिश्तेदार के जरिए गाड़ी से बेटे को बस्ती ले जा रहा हैं और ओडवारा के पास उन लोगों से मुलाकात हुई। वह लोग बेटे को जिला अस्पताल बस्ती ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिए। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान आठ सितंबर को बेटे की मौत हो गई ।गोरखपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, दो सालों पर हत्या और पत्नी पर साजिश का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही थी। एसएसआई ने बताया कि विसरा रिपोर्ट में मौत का कारण जहर देने से होना आया। सूचना के आधार पर नौरंगिया के पास से इस मामले में हत्यारोपी ससुर जगराम चौधरी और साले बुन्नु उर्फ अभय चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।