मगहर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मगहर कस्बे में स्थित काजीपुर चौराहे के निकट शनिवार को एक व्यापारी का 95 हजार रुपये नकद और अन्य सामान से भरा बैग लेकर स्कूटी पर सवार उचक्के फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मामले के बारे में पूरी जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम गोड़ही निवासी संजय सिंह पुत्र रामचरण सिंह ने बताया कि वह मगहर स्थित काजीपुर चौराहे के निकट बिस्कुट, नमकीन की दुकान चलाते हैं। रोज की भांति शनिवार को वे अपनी सुजूकी मोपेड से विभिन्न दुकानों से तकादे का पैसा वसूलकर अपनी मगहर स्थित दुकान पर लगभग दो बजे पहुंचे। वहां पर उन्होंने मोपेड पर अपना बैग रखा और शटर खोलने लगे। अभी वे दुकान खोल ही रहे थे कि अचानक स्कूटी पर सवार होकर दो व्यक्ति आए, उन्होंने उनका बैग लिया तथा मौके से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि उनके बैग में 95 हजार रुपये नकद थे। इसके साथ ही झोले में कीमती सामान रखा हुआ था। स्कूटी का रंग स्लेटी था। इस बात की जानकारी उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को दी। लोग स्कूटी सवार युवकों के पीछे दौड़े, लेकिन तब तक वह दूर जा चुके थे। सूचना पर एसआई अशोक सिंह, कोतवाली प्रभारी मनोज पांडेय, सीओ अजीत चौहान व एएसपी सुशील कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। वहां पर उन्होंने पीड़ित व्यक्ति से जानकारी प्राप्त किया।