पुरानी रंजिश में दो पक्ष भिड़े
- मारपीट में दोनों पक्ष से प्रधान समेत दो लोगों को आई चोट
- दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। दुधारा क्षेत्र के तिलजा में रविवार को पुुरानी रंजिश में प्रधान और उसके विपक्षी के बीच मारपीट हो गई। घटना में प्रधान और दूसरे पक्ष के एक शख्स को चोट आई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप मढ़ते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से एक-दूसरे पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
तिलजा के प्रधान इनामुल्लाह का आरोप है कि रविवार को गांव के मारूफ के घर पर कुछ अन्य लोगों के साथ बैठकर कर आपस में बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के मेराजुलहक, एहतसामुलहक मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि वे लोग अपशब्द कहने लगे। मना करने पर लोग हाथापाई करने लगे। लोग मनबढ़ प्रवृत्ति के हैं। जबकि दूसरे पक्ष के इजहारूलहक का आरोप है कि उसके लड़कों से इनामुल्लाह की कहासुनी हुई। लड़के को मारने-पीटने के लिए वे लोग ढूंढ रहे थे। वह केकरहवा सीवान में कंबाइन पर बैठकर धान की फसल कटवा रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान इनामुल्लाह, सफीउर्रहमान, मोहम्मद आजम और नेमतुल्लाह वहां पहुंच गए। लोगों ने उसे कंबाइन से उताकर मारापीटा। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, तब जाकर उसकी जान बची। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप मढ़ते हुए पुलिस को तहरीर दी है। एसओ सर्वेश राय ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर प्रधान और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट हुई है। एक पक्ष से प्रधान इनामुल्लाह और दूसरे पक्ष के इजहारूलहक को चोट आई है। दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। इस मामले में दोनों पक्षों का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।