भाजपा सरकार ने महिलाओं के हित को प्राथमिकता दी : बेबी रानी
- गरीब कल्याण जनसभा में बोलीं प्रदेश की बाल विकास पुष्टाहार मंत्री
- खलीलाबाद के बनियाबारी में गरीब कल्याण जनसभा का आयोजन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री व बस्ती मंडल की प्रभारी बेबी रानी मौर्य ने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं के हित को प्राथमिकता दी है। उनके सशक्तीकरण पर ध्यान दिया है। जिसका एक नायाब उदाहरण तीन तलाक जैसे कानून है। वे शुक्रवार को बनियाबारी स्थित कृष्णा पैलेस में गरीब कल्याण जनसभा को संबोधित कर रही थी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से मुस्लिम माताएं और बहनें तीन तलाक जैसी कुप्रथा को झेल रही थीं। जब भी मोदी सरकार ने देश और समाज हित में कोई निर्णय लिया कांग्रेस ने इसका विरोध किया। वोट बैंक की राजनीति की, लेकिन कांग्रेस अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाई। हमने सर्जिकल स्ट्राइक भी की। हमने एयर स्ट्राइक भी की। हमारी सरकार ने भारत की आन, बान और शान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने से कभी परहेज नहीं किया, लेकिन हमें यह भी याद रखना है कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, केजरीवाल, ममता ने सेना की वीरता पर सवाल उठाए और सेना का मनोबल गिराने का प्रयास किया।
ग्राम्य विकास मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि हमारी सरकार उज्ज्वला योजना से गरीब महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाती है। गरीबों को छत देती है और किसान सम्मान से किसानों को सफल बनाती है और वही हमारी सरकार भारत के संस्कृत वैभव की भी पुनर्स्थापना के संकल्प को भी साकार करती है। किसान सम्मान निधि हमारे किसान भाइयों के लिए वरदान साबित हुआ है।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने कहा कि किसान सम्मान निधि के जरिए पीएम 12 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में साल के 6000 रुपये भेजते हैं और यह पैसा सीधे उनके खाते में पहुंचता है। प्रदेश की जनता ने आपराधिक छवि सांप्रदायिक सोच और विकास विरोधी एजेंडा रखने वाले विपक्षी दलों को खारिज कर स्पष्ट संदेश दिया है कि वह किसी के बहकावे में नहीं आने वाले हैं। आज हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। हमारा प्रयास है कि आने वाले समय में डबल इंजन की सरकार प्रदेश और देश के हर एक नागरिकों के जीवन स्तर में व्यापक बदलाव लेकर आए। इसके बाद प्रभारी मंत्री बालू शासन गांव पहुंचीं, जहां डीएम, एसपी, सीडीओ की उपस्थिति में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिया।
इस दौरान सांसद प्रवीण निषाद, एमएलसी सुभाष यदुवंश, विधायक सदर अंकुर राज तिवारी, विधायक अनिल त्रिपाठी, विधायक गणेश चौहान, डॉ समीर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव, चेयरमैन श्याम सुंदर वर्मा, संगीता वर्मा, मोती जायसवाल, मंगल सिंह, गणेश पांडेय, कौशलेंद्र सिंह, विनोद पांडेय, अमर राय, ज्ञानेंद्र मिश्र, किरण प्रजापति, हैप्पी, ब्रह्मानंद पांडेय, नीतू सिंह, सुनीता अग्रहरि, सतविंदर पाल जज्जी, विजय बहादुर सिंह समेत अन्य मौजूद थे।