प्रधान पति के हमलावरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
- प्रधानों ने प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 24 घंटे का मांगा था समय
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के हडिया माफी गांव में मंगलवार को प्रधान पति समेत पांच लोगों को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल किए जाने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पूर्व प्रधान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के पास से एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हालत में पुलिस ने कब्जे में लिए जाने का दावा किया है।
मंगलवार को ग्राम प्रधान रेहाना खातून के पति मनरेगा के तहत सड़क का निर्माण करा रहे थे। उसी दौरान पूर्व प्रधान और उनके समर्थक मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य को रोक दिए। काम रोके जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में प्रधान पति मोहम्मद अमीन समेत पांच लोग घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष के तीन लोगों को चोट आई। पुलिस ने इस मामले में प्रधान पुत्र मोहम्मद हयात के तहरीर पर पूर्व प्रधान समेत चार लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक ने बताया कि इस मामले के मुख्य आरोपी मोहम्मद साजिद को पुलिस ने घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। वांछित आरोपी पूर्व प्रधान मोहम्मद सिराज और मोहम्मद जैद उर्फ अब्बू जैद को पौली चौकी इंचार्ज राजेश मिश्र शुक्रवार को दूल्हापार से गिरफ्तार कर लिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के समय प्रयुक्त की गई चार पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हालत में कब्जे में ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के संबंध में प्रधानों ने बृहस्पतिवार को धनघटा थाने पर प्रदर्शन किया था। जिसमें पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया था।
प्रधान पति व पुत्र के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। पुलिस ने शुक्रवार को हडिया माफी गांव की प्रधान रेहाना खातून के पति मोहम्मद अमीन व पुत्र हयात मोहम्मद समेत चार लोगों के विरुद्ध मारपीट का केस दर्ज किया है।
हड़िया माफी गांव की अजीजुर्रनिशा पत्नी सजीद का आरोप है कि मंगलवार कि सुबह करीब नौ बजे गांव के प्रधान पति खेत में ट्रैक्टर से मिट्टी पटवा रहे थे। मेरा भतीजा पूर्व प्रधान सिराज ने मना किया और मनरेगा गाइड लाइन का उल्लंघन करने का आरोप लगाया तो प्रधान पक्ष के लोग सिराज, मोहम्मद कैफ, अब्दुल साजिद को मारपीट कर घायल कर दिए। थानाध्यक्ष विनय कुमार पाठक ने बताया कि इस मामले में अमीन, हयात मोहम्मद, आमिर, निजामुद्दीन के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।