103 लाभार्थियों का अप्रेंटिस के लिए चयन
अप्रेंटिस मेले का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। सोमवार को विकास भवन परिसर में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन भाजपा के जिलाध्यक्ष जगदंबा लाल श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में कुल 20 अधिष्ठानों की ओर से अप्रेंटिस पद के लिए साक्षात्कार लिया गया। मेले में कुल 428 लाभार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें से कुल 103 लाभार्थियों का चयन अप्रेंटिस के लिए किया गया।
मुख्य अतिथि एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार कौशल विकास सहित विभिन्न योजनाओं के जरिए लोगों को आत्मनिर्भर बना रही है। लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने चयनित लाभार्थियों को ऑफर लेटर प्रदान किया। इसमें अर्चना शर्मा, धर्मवीर, अर्जुन कुमार, संजय शुुक्ला, विनोद यादव, भीम कुमार गुप्ता आदि शामिल रहे। मेले में अमर राय, संतोष कुमार श्रीवास्तव, उपायुक्त जिला उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन केंद्र राज कुमार शर्मा, जिला सेवायोजन अधिकारी शैलेंद्र कुमार शुक्ल, एमआईएस मैनेजर धीरेंद्र विक्रम सिंह, प्रशांत कुमार मिश्रा, अभिषेक पाठक, संदीप गौड़, अजय राना, दीपक, जितेंद्र उपाध्याय, जय सिंह सोनकर, अनिल कुमार, अमित रावत, मो. सलमान अंसारी आदि उपस्थित रहे।