टीईटी के दौरान यातायात व्यवस्था रखें सुदृढ़
एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ परीक्षा के सफल आयोजन के लिए बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 23 जनवरी को जिले के 16 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए एसपी ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ पुलिस लाइंस सभागार में बैठक की। उन्होंने परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुुचारु रूप से संचालित किए जाने के निर्देश दिए।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि टीईटी 16 केंद्रों पर होनी है। दो पालियों में कुल 13,644 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ज्यादातर परीक्षा केंद्र शहर में ही बनाए गए हैं। इससे शहर में परीक्षार्थी और उनके साथ अभिभावक भी आएंगे। इस वजह से शहर में भीड़ रहेगी। इसके लिए यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करना बेहद जरूरी है। ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने व परीक्षा समाप्ति के बाद घर तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कहा कि परीक्षा के दौरान केंद्र के आसपास की फोटो काफी की दुकानें पूरी तरह से बंद होनी चाहिए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्र के बाहर भीड़ न इकट्ठी होने पाए। परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन करना पुलिस की जिम्मेदारी है। ऐसे में जिन पुलिस अधिकारियों की परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी लगाई जा रही है। वे पूरी मुस्तैदी के साथ परीक्षा को सफल बनाने में जिम्मेदारी निभाएंगे। बिना प्रवेशपत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केेंद्र में न जाने दिया जाए। प्रवेशपत्र के साथ पहचानपत्र भी जरूरी है। उसकी पहचान की जाए। बैठक में एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ अंशुमान मिश्र, कोतवाल विजय नारायण प्रसाद, यातायात निरीक्षक बृजेश यादव, एसओ दुधारा सर्वेश राय समेत अन्य मौजूद रहे।