एचआरपीजी कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का दीप जलाकर कर कार्यक्रम का शुभारंभ करती डीएम।सं?
- फोटो : KHALILABAD
लोकतांत्रिक प्रक्रिया में एक-एक मत महत्वपूर्ण : डीएम
एचआरपीजी कॉलेज में विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में सोमवार को विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ हुआ। डीएम दिव्या मित्तल ने अभियान का फीता काटकर एवं दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि पहली से पूरे माह विशेष संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसमें बीएलओ नए मतदाताओं को चिह्नित करके उनका नाम बढ़ाने तथा मतदाताओं के नाम में किसी भी प्रकार की त्रुटि में सुधार सहित विभिन्न कार्रवाई करेंगेे। उन्होंने छात्र/छात्राओं को मतदाता प्रक्रिया में प्रतिभाग करने में अनिवार्य रूप से अर्हता तिथि एक जनवरी 2022 के आधार पर 18 वर्ष पूर्ण कर चुके छात्र/छात्राओं को ऑनलाइन या ऑफलाइन फार्म-छह भरकर अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए सलाह दी। उन्होेंने विशेष तौर पर छात्र/छात्राओं से कहा कि वे देश के भविष्य हैं और उनका एक-एक मत लोकतांत्रिक निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट और सक्षम नेतृत्व का चुनाव करने में बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अन्य देशों के सापेक्ष भारतीय लोकतंत्र और निर्वाचित प्रक्रिया की अच्छाइयों की भी तुलनात्मक व्याख्या की। एडीएम मनोज कुमार सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ द्वारा पूरे माह घर-घर जाकर नए मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा। सात नवंबर, 13 नवंबर, 21 नवंबर और 27 नवंबर को विशेष अभियान की तिथियों में बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी बूथ पर उपस्थित रह कर मतदाता निर्वाचक नामावली में नाम बढ़ाने, हटाने एवं संशोधित करने के संबंध में नियमानुसार जरूरी प्रारूपों को भरवाने का कार्य करेंगे। इस दौरान एसडीएम सदर नवीन श्रीवास्तव, डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, प्रधानाचार्य रामकुमार सिंह, प्रधानाचार्य निशा यादव समेत अन्य मौजूद रहे। इसी तरह से एचआर इंटर कॉलेज से एनसीसी और स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली।