माध्यमिक शिक्षकों ने कलेेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया
मुख्यमंत्री को संबोधित नौ सूत्री मांगपत्र अपर एसडीएम को सौंपा
वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन दे सरकार : संजय द्विवेदी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सीएम को संबोधित मांगपत्र अपर एसडीएम को सौंपा।
माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि सरकार वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन दे और उनकी सेवा सुरक्षा के लिए नियमावली निर्गत करे। ऑनलाइन स्थानांतरण की दोषपूर्ण प्रक्रिया की खामियों को दूर कर आवेदन करने वाले शिक्षकों का स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर विद्यालय का समय आठ से 4:30 बजे किया गया है जो इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम के विरुद्ध व अव्यावहारिक है। इसे वापस लिया जाए। पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया जाए। शासकीय विद्यालयों की भांति चिकित्सकीय सुविधाएं प्रदान की जाएं और कोषागार से वेतन प्राप्त कर रहे अद्यतन तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि मान्यता की धारा 7क (क) को 7(4) में संशोधित करते हुए विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की सेवा शर्त निर्धारित करते हुए 15 हजार रुपये प्रतिमाह आरटीजीएस प्रणाली से भुगतान किया जाए। चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, एसीपी व एरियर भुगतान के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा किया जाए। बोर्ड परीक्षा उत्तर पुस्तिकाओं के बकाया मूल्य का भुगतान किया जाए। इस दौरान गिरिजानंद यादव, मोहीबुल्लाह खान, महेश राम, विंध्याचल सिंह, राहुल कुमार, विजय यादव, विवेकानंद यादव, विनोद चौरसिया, पारस नाथ यादव, जितेंद्र कुमार, कमर आलम, अरशद जलाल, मंतोष कुमार मौर्या, गोपाल जी सिंह, ब्रह्महदेव, अवधेश, आफताब आलम अंसारी, महेश्वर सिंह, संत मोहन त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।