महुली के कबसे की सड़क पर भरा पानी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
सड़क पर फैला गंदा पानी, लोग परेशान
- नालियों की सफाई न होने से हो रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नाथनगर ब्लॉक क्षेत्र की सबसे बडी ग्राम पंचायत महुली में नालियों की साफ-सफाई न होने के चलते सड़क पर गंदा पानी पसर गया है। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महुली कस्बा में समुचित नालियां जाम हो गई है। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैला हुआ है, जिसके कारण सड़क पर फिसलन के साथ ही गंदगी दिख रही है। आने-जाने वाले लोगों को इससे काफी दिक्कत हो रही है।
प्राथमिक विद्यालय महुली द्वितीय के पीछे शंकर जी के मंदिर के पास भी नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर पसरा हुआ है। जलनिकासी न होने से उससे उठने वाले दुर्गंध से लोग परेशान हैं। कस्बा निवासी रविश मिश्र, फणीश मिश्र, भालू बाबा, कृष्णचंद्र मिश्र, योगेंद्र मिश्र, अशोक बाबा, विपुल आदि ने बताया कि महुली में तीन सफाईकर्मी तैनात हैं। इिसके बाद भी नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। लोगों ने नालियों की सफाई की मांग की है। इस संबंध में एडीओ पंचायत आनंद मोहन ने कहा कि इसकी जांच की जाएगी। जांच में यदि इसकी पुष्टि हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।