आवास के लाभार्थियों को नहीं हो पा रहा मजदूरी का भुगतान
मनरेगा से 90 दिन की मजदूरी दिए जाने का है प्रावधान
मजदूरी पाने के लिए ब्लॉक मुख्यालय का चक्कर लगा रहे लाभार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। विकास खंड सेमरियावां में प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कार्य पूर्ण करा चुके लाभार्थियों को मनरेगा से मिलने वाली 90 दिन की मजदूरी का भुगतान नहीं हो पा रहा है। लाभार्थी मजदूरी भुगतान के लिए ब्लॉक मुख्यालय का चक्कर काटने के लिए विवश हैं। वहीं, दूसरी तरफ अधूरे आवासों को पूर्ण कराने में भी जिम्मेदार रुचि नहीं दिखा रहे हैं। ब्लॉक क्षेत्र में पीएम आवास पूर्ण करा चुके लाभार्थियों को मजदूरी का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
आए दिन लाभार्थी ब्लॉक का चक्कर लगा रहे हैं। पीएम आवास निर्माण के लिए शासन की ओर से कुल 90 दिन की मजदूरी 204 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 18,360 रुपये लाभार्थी के खाते में भुगतान करनी होती है। मजदूरी भुगतान तीस दिन के अंदर हो जाना चाहिए। ब्लॉक में पिछले वित्तीय वर्ष के 2690 लाभार्थी के खाते में 24 दिन के हिसाब से दो किस्तों में मजदूरी भुगतान की गई है। वर्तमान सत्र में पीएम आवास निर्माण पूर्ण लाभार्थी के खाता में मजदूरी भुगतान नहीं हो रहा है। करही गांव के पिछले वित्तीय वर्ष में 63 आवास निर्माण का लक्ष्य दिया गया। 61 आवास पूर्ण किए गए हैं। जबकि मजदूरी भुगतान 24 दिन की ही गई है। करही गांव की मंगनी, शीला देवी, सरोजनी, शंकला, प्राणपति आदि पीएम आवास लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि मजदूरी भुगतान के लिए सात माह से ब्लॉक का चक्कर लगा रहे हैं। कोई सुनने वाला नहीं है। वहीं, पटल सहायक मिहिर प्रसाद गौतम ने बताया कि वेबसाइट बंद हो गई थी। इससे मस्टररोल जारी नहीं किया जा सका। अब वेबसाइट खुल गई है। मस्टररोल जारी कर बकाया मजदूरी भुगतान कर दिया जाएगा। बीडीओ रेनू चौधरी ने बताया कि पटल सहायक से जानकारी कर जल्द ही सबको मजदूरी का भुगतान कर दिया जाएगा।
पिछले साल का अधूरा पड़ा है 441 आवास
सेमरियावां ब्लॉक क्षेत्र में पिछले वित्तीय वर्ष 2020-21 में 2731 लाभार्थी परिवार को पीएम आवास निर्माण का लक्ष्य दिया गया था। इसमें से 2731 लाभार्थी को प्रथम किस्त, 2701 लाभार्थी को दूसरी किस्त और 2288 लाभार्थी परिवार को तीसरी किस्त का भुगतान भी किया गया। जबकि वेबसाइट फीडिंग में आवास निर्माण सिर्फ 2290 लाभार्थी परिवार का फोटो अपलोड किया गया है। 441 आवास निर्माण अब तक पूर्ण नहीं हो सका है। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2021-22 में 1587 पीएम आवास का लक्ष्य दिया गया है। इसमें से अब तक 1201 लाभार्थी को प्रथम किस्त, 707 लाभार्थी को दूसरी किस्त और तीस लाभार्थी को तीसरी किस्त भेजी जा चुकी है। वेबसाइट फीडिंग में 11 आवास निर्माण पूर्ण होने का फोटो अपलोड किया गया है। एडीओ पंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि आवास निर्माण की समीक्षा प्रतिदिन की जा रही है। आवास निर्माण तेजी से हो रहा है। बीडीओ रेनू चौधरी ने बताया कि पीएम आवास की मॉनीटरिंग की जा रही है। सभी ग्राम सचिवों को आवास में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।