करंट की चपेट से किशोरी की मौत
तिघरा। बुधवार को कोतवाली क्षेत्र के बालूशासन गांव निवासी किशोरी की करंट के चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। सूचना पर पीड़ित के घर लोगों की भीड़ जुटी थी।
पीड़ित पिता मनीराम ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी सीमा घर में खाना बनाने के लिए पेड़ से लकड़ी तोड़ने के लिए गई हुई थी। बेटी पेड़ पर चढ़कर लकड़ी तोड़ रही थी। उसी दौरान पेड़ के निकट से गुजरे बिजली के तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गई। करंट के झटके से बेटी पेड़ से नीचे गिरकर बुरी तरह से घायल हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए। परिजन आनन-फानन एंबुलेंस से घायल किशोरी को जिला अस्पताल ले गए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके बाद परिजन शव को घर उठा ले गए। बेटी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। एसएसआई राकेश मिश्र ने घटना की सूचना से अनभिज्ञता जाहिर की। संवाद