150 गांवों में पूरी रात गुल रही बिजली
उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ी परेशानी
लो-वोल्टेज की समस्या अब भी बनी मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के बीच विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एक बार फिर लड़खड़ा गई है। कहीं, बिजली आपूर्ति ठप हो गई है तो कहीं लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इधर, खलीलाबाद दक्षिणी क्षेत्र से जुुड़े करीब 150 गांवों मेें रविवार की पूरी रात बिजली गुल रही, जिससे उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ा।
मगहर फीडर से जुड़े गांवों सहित खलीलाबाद के दक्षिणी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बार-बार प्रभावित होने से उपभोक्ता परेशान हैं। इस बीच रविवार की देर शाम से क्षेत्र के गड़सरपार, फेरूसा, निचौरा, सेमरी, बरईपास, सहसरावमाफी, नहसापार, केरमुआ माफी, चकदही, धरैची, दुबौली, पायलपार सहित करीब 150 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। उपभोक्ता बिजली के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन पूरी रात बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई। ऐसे में उपभोक्ताओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बिजली न रहने से पंखा, कूलर बेकार हो गए। जिसके घरों में इर्न्वटर लगे थे वह भी काम करना बंद कर दिए, जिससे मोबाइल तक चार्ज नहीं हो सका। बिजली न रहने से उपभोक्ताओं की नींद पूरी नहीं हो सकी। सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र के निवासी दिनेश यादव, रविंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार आदि ने बताया कि आए दिन बिजली आपूर्ति ध्वस्त हो जा रही है। शिकायत करने के कई घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जाती है। उन्होंने कहा कि बिल जमा कराने के लिए विद्युत निगम के लोग दबाव बनाते हैं, लेकिन उनका ध्यान लचर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर नहीं है। इस संबंध में विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता आरके सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम में लोकल फॉल्ट की समस्या आ रही है। इसे दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कार्य योजना तैयार कर स्थायी निदान किया जाएगा।