सरयू में लापता शख्स का मिला शव
दामाद को बचाने के प्रयास में नदी में डूबे थे मोहम्मद यूसुफ
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। शनिवार की दोपहर सरयू नदी के मदरहा घाट पर स्नान करते समय नदी में डूब रहे दामाद को बचाने के प्रयास में लापता हुए 52 वर्षीय मोहम्मद यूसुफ का शव बिड़हर घाट के पास नदी में उतराता हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कटहा उर्फ भिटहा गांव निवासी दीपक की मौत हो गई थी। उनके दाह संस्कार में कटहा उर्फ भिटहा गांव निवासी मोहम्मद यूसुफ 52 वर्ष चंदौली माफी के रहने वाले अपने दामाद 26 वर्षीय करम हुसैन के साथ गए हुए थे। नदी में स्नान करने के दौरान करम हुसैन जब डूबने लगे तो उनको बचाने के लिए यूसुफ गहरे पानी में उतर गए। दामाद को बचाने में सफल होने के बाद यूसुफ खुद पानी में लापता हो गए। वहां मौजूद लोग स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में लापता मोहम्मद यूसुफ की तलाश देर शाम तक की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। प्रभारी थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि रविवार की सुबह बिड़हर घाट के पास नदी में यूसुफ का शव उतराता हुआ दिखा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।