संतकबीरनगर। जिले के प्राइवेट चिकित्सकों ने रविवार को हड़ताल खत्म कर काम शुरू कर दिया। रविवार को ओपीडी में आए मरीजों को देखा और सलाह के बाद दवाएं लिखीं। बता दें कि कोलकाता की घटना से नाराज जिले के प्राइवेट चिकित्सकों ने शनिवार से हड़ताल कर दिया था।
इंडियन मेेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर चिकित्सकों ने शनिवार सुबह छह बजे से प्राइवेट अस्पतालों की ओपीडी पूरी तरह से ठप कर दी थी। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एसबी सिंह ने कहा कि कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ हुई घटना शर्मसार करने वाली है। इसमें जो भी दोषी है उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इसके साथ ही चिकित्सकों की पूरी सुरक्षा सरकार को देनी होगी ताकि आगे ऐसी घटना न हो सके। सचिव डॉ. एके चौधरी ने कहा कि एसोसिएशन सरकार से इस मामले की पूरी निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। उन्होंने बताया कि सुबह छह बजे ओपीडी का संचालन शुरू हो गया है। आगे एसोसिएशन का जैसा निर्णय होगा उसके अनुसार रणनीति तैयार होगी। विरोध जताने वालों में डाॅ. विवेक खन्ना, डॉ शिखा श्रीवास्तव, डॉ एके श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।