मेंहदावल। तहसील क्षेत्र के नवगठित नगर पंचायत धर्मसिंहवा में पानी की टंकी (ओवरहेड टैंक) का निर्माण कराया गया है। टंकी का निर्माण होने के बाद पाइपलाइन बिछाने तक की फुर्सत कार्यदाई संस्था को नहीं मिली। टंकी का निर्माण कराकर कार्यदाई संस्था ने चुप्पी साध लिया। तीन वर्ष से परियोजना के शुरू होने का इंतजार नगरवासी कर रहे हैं, लेकिन परियोजना शुरू नहीं हो सकी।
वर्ष 2020 में धर्मसिंहवा कस्बे में दो करोड़ 59 लाख रुपये (2.59 करोड़) की लागत से पानी की टंकी के निर्माण की मंजूरी मिली थी। टंकी का शिलान्यास भी किया गया। तेजी के साथ कार्यदाई संस्था जल निगम ने टंकी का निर्माण कराया। लेकिन उसके बाद से पेयजल परियोजना के अन्य कार्य नहीं कराए गए। कस्बे में पाइपलाइन तक नहीं बिछाई गई। धीरे-धीरे कर टंकी भी जर्जर हो रही है। स्थानीय लोग राजेश तिवारी, अश्वनी त्रिपाठी, अजय निषाद, डा सर्वेश्वर पांडे, अखलाक अहमद, धर्मराज अग्रहरि, गोपाल अग्रहरि ने बताया कि जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण पेयजल परियोजना का कार्य पूरा नहीं हो सका है।
शासन स्तर से धन आवंटित हुआ, लेकिन आधा अधूरा कार्य करके ठेकेदार फरार हो गया। इससे कस्बे के लोगों को परियोजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इंसेफेलाइटिस प्रभावित इस क्षेत्र में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है। उसके बावजूद पानी की टंकी से पानी की आपूर्ति शुरू करने को लेकर जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं। लोगों ने पेयजल आपूर्ति शुरू करने की मांग की है।
अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत धर्मसिंहवा आशुतोष ओझा ने कहा कि पेयजल परियोजना का कार्य पूरा करने को लेकर कार्यदाई संस्था जल निगम को तीन बार पत्र लिखा गया है। इसके बावजूद अभी तक कार्य शुरू नहीं हुए। अब उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया जाएगा।