- राम जानकी मार्ग के निर्माण कार्य का मामला
- बगैर मुआवजे के निर्माण कार्य करना अनुचित : विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नगर पंचायत हैंसर बाजार में कराए जा रहे राम जानकी मार्ग के निर्माण कार्य में जमीन का मुआवजा दिए जाने की मांग के लिए शनिवार को व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल विधायक के नेतृत्व में डीएम से मिला। व्यापारियों ने मुआवजा के बाद निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की।
ज्ञात हों कि राम जानकी मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कराया जा रहा है। जहां मुआवजे की मांग को लेकर किसान और व्यापारी कई स्थानों पर निर्माण कार्य को रोक दिए हैं। इसके बाद एनएच बस्ती ने प्रशासन से सहयोग लेकर सड़क के किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाए जाने का निर्णय लिया। जिसके तहत चार दिन पहले भारी पुलिस बल के साथ प्रशासन के लोग हैंसर बाजार में पहुंचकर बुलडोजर से अतिक्रमण को साफ कराए।
अतिक्रमण हटाए जाने के समय व्यापारी मुआवजे की मांग को लेकर इसका विरोध किए लेकिन प्रशासनिक दबाव के आगे व्यापारियों की एक न चली। शनिवार को विधायक गणेश चंद चौहान व्यापारियों के साथ जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर से मिले और व्यापारियों को अधिग्रहित की जाने वाली जमीन का मुआवजा दिलाने के बाद निर्माण कार्य कराए जाने का मांग की। डीएम ने एसडीएम धनघटा को निर्देशित किया कि मौके पर पहुंचकर जांच करें और मुआवजे की स्थिति के संबंध में रिपोर्ट दें।