बहन के घर आए युवक की करंट की चपेट मे आने से मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाली क्षेत्र के बनपुरवा गुलहरिया निवासी दीनानाथ यादव (45) के बहन की शादी महुली क्षेत्र के मुखलिसपुर निवासी ब्रह्मदेव यादव के साथ हुई है।
शुक्रवार को दीनानाथ अपनी बहन के घर मुखलिसपुर गए थे। शनिवार को स्नान करने के बाद दीनानाथ मकान के छत के ऊपर बंधी रस्सी पर गीला कपड़ा फैला रहे थे। उसी दौरान छत के ऊपर से गुजरे बिजली के तार से कपड़ा छू जाने से करंट की चपेट में आ गए। यह देख कर पड़ोसियों ने शोर मचाया तो लोग जुट गए और घायल दीनानाथ को आनन- फानन में सीएचसी नाथनगर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहनोई ब्रहमदेव यादव ने मामले की सूचना पर महुली पुलिस को दी। उसके बाद मुखलिसपुर चौकी पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से पीड़ित के घर कोहराम मच गया। सूचना पर दीनानाथ की पत्नी भानमती और उनके दो बेटे राकेश और मुकेश भी नाथनगर सीएचसी पहुंच गए थे।