धनघटा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी से उसी गांव के युवक ने सोमवार रात तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। किशोरी जब शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। रोती बिलखती किशोरी घर पहुंची और घरवालों से आपबीती बताई। परिवार के लोग पीड़ित को लेकर थाने गए। मंगलवार को पुलिस इस मामले में आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा।
किशोरी के पिता का आरोप था कि उसकी 15 वर्षीय बेटी सोमवार की रात करीब आठ बजे नित्य क्रिया कर्म के लिए गांव के बाहर गई हुई थी। उसी समय गांव का निवासी 24 वर्षीय युवक वहां पहुंचा और बेटी को दबोच लिया। किशोरी जब शोर मचाने की कोशिश की तो उसकी कनपटी पर तंमचा सटाकर जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप कर दिया। आरोप था कि युवक ने उसकी बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। बेटी सहमी हाल में रोते बिलखते घर पहुंची और मां को आप बीती बताई तो उनके पैर तले से जमीन खिसक गई। पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
एसओ जेएन तिवारी ने बताया कि इस मामले में आरोपी रामकृष्ण राय के खिलाफ दुष्कर्म और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होगा।