बीएसए कार्यालय को सील करवाते सीडीओ हाकिम सिंह और एसडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। स्थानांतरण और रिलीव होने के बावजूद बाहर ले जाकर फाइलें निस्तारित करने की सूचना पर रविवार को प्रशासन ने बीएसए कार्यालय सील कर दिया। अब सोमवार को फाइलों की सूची बनाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीडीओ हाकिम सिंह की अगुवाई में एसडीएम सदर उमेश चंद निगम, पीडी प्रमोद यादव के साथ पुलिस फोर्स बीएसए कार्यालय पर पहुंच गई। बीएसए कार्यालय पर ताला लगा था।
एसडीएम ने फोन पर बीएसए से कार्यालय की चाबी मांगी तो उन्होंने बताया कि चाबी उनके पास नहीं, ऑफिस के कर्मचारी के पास है। एसडीएम ने कर्मचारी का फोन लगाया तो नंबर बंद मिला। सीडीओ हाकिम सिंह ने बताया कि कार्यालय की चाबी नहीं मिली तो होमगार्ड दीवार फांद कर परिसर में पहुंचे। कार्यालय के मुख्य द्वार को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
बताया कि बीएसए माया सिंह का तबादला 31 मई को ही हो गया है। उन्हें रिलीव भी कर दिया गया है, पर वह अनियमित तरीके से अभी तक कार्यालय में कार्य कर रही हैं। बताया कि डीएम को सूचना मिली थी कि कुछ फाइलों को बाहर ले जाकर अनियमित तरीके से उसका निस्तारण किया जा रहा है। उनके निर्देश पर बीएसए कार्यालय को सील किया गया है। इसके साथ ही सोमवार को कार्यालय में जो भी फाइलें हैं, पूरी पड़ताल कर सूूची बनाई जाएगी।
यह भी देखा जाएगा कि कौन सी फाइल बाहर है। कार्यालय में मौजूद फाइलों की सूची के बाद अगर बाहर से कोई फाइल आती है तो यह पूरी तरह से अनियमितता मानी जाएगी और बीएसए और उनके कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामला शासन के भी संज्ञान में आ चुका है। वहां से दिशा निर्देश जारी हुआ है कि बीएसए कार्यालय की निगरानी की जाए और जरूरत के हिसाब से ठोस कदम उठाए जाएं।