मेंहदावल बाईपास पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने सोमवार को तीन रोडवेज बसों की चेकिंग कर साढ़े सात क्विंटल मिलावटी खोवा और ढाई बूंदी दाना बरामद किया।
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल बाईपास पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की टीम ने सोमवार को तीन रोडवेज बसों की चेकिंग कर साढ़े सात क्विंटल मिलावटी खोवा और ढाई बूंदी दाना बरामद की। बस के परिचालक पकड़े गए सामान के मालिकों का नाम नहीं बता पाए। बस इतना बताया कि कानपुर से गोरखपुर के लिए एक कंपनी के जरिए बुक कराया गया था। टीम ने पकड़ी गई सामग्री लेकर कलेक्ट्रेट चली गई।
दीपावली आते ही मिलावटखोरों का धंधा चरम पर है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग की अभिहित अधिकारी मंजूषा सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि कानपुर से मिलावटी खोवा रोडवेज की कुछ बसों से गोरखपुर भेजा जा रहा है। उसी के आधार पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय व खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार, राजमणि प्रजापति और धर्मराज शुक्ल के साथ मेंहदावल बाईपास पर रोडवेज की पांच बसों की तलाशी ली।
बस्ती से गोरखपुर की ओ जा रही रोडवेज बसों पांच बसों की चेकिंग की गई। इसमें 11 बोरी खोवा और पांच बोरी बूंदी दाना बरामद हुई। जांच में प्रथम दृष्टया बरामद खोवा और बूंदी दाना अधोमानक मिले हैं। इन्हें कब्जे में ले लिया गया।
सख्ती से पूछताछ पर तीन बसों के परिचालकों ने बताया कारगो नाम की एक कंपनी द्वारा बरामद खोवा और बूंदी की बुक कराया गया था। खोवा और बूंदी दाना के मालिक कौन है, उन्हें नही पता है। बरामद खोवा और बूंदी के मालिक का 72 घंटे तक इंतजार किया जाएगा। यदि उसके बाद कोई इसका मालिक नहीं आएगा और डीएम की अनुमति के बाद बरामद अधोमानक खोवा और बूंदी दाने को नष्ट करा दिया जाएगा।