मेंहदावल बाईपास पर स्थित टैक्सी स्टैंड के निकट से एक सर्राफा व्यवसायी का झोले में रखा साढ़े छह लाख कीमत का जेवरात बुधवार को रहस्मय ढंग से गायब हो गया। बाइक सवार दो युवकों के जरिए जेवरात रखा झोला लेकर भाग जाने की सूचना पीड़ित के चालक ने 100 नंबर पर पुलिस को दी। खबर पर एसपी, एएसपी, सीओ और कोतवाल मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
खलीलाबाद शहर के मोतीनगर एनडी पांडेय गली निवासी छोटे लाल वर्मा पुत्र स्वर्गीय भगवान दास का आरोप था कि मेंहदावल बाईपास पर मेंहदावल टैक्सी स्टैंड के पास नंदिनी ज्वेलर्स नाम की उनकी दुकान है। बुधवार की सुबह दस बजे वह अपनी कार से छाछापार निवासी चालक प्रवीन के साथ दुकान पर पहुंचे। जहां पहले से उनकी दुकान पर काम करने वाले भोजपुर निवासी महेश यादव मौजूद थे। महेश दुकान के शटर का ताला खोल रहे थे। ताला नहीं खुलने और उसमें लकड़ी का टुकड़ा आदि होने की बात बताने पर स्वर्ण व्यवसायी ने चालक को ताला खोलने के लिए भेजा। स्वर्ण व्यवसायी फोन पर बातचीत करने लगे। आरोप था कि वह जेवरात भरा झोला बगल में स्थित मेडिकल स्टोर के सामने तख्त पर रख दिया।
तख्त पर उस दौरान एक महिला और बच्चा भी बैठा था। वह किसी से फोन पर बातचीत करने लगे और जैसे ही मुड़ कर देखे तो जेवरात भरा झोला गायब था। वह जोर से चिल्लाए और चालक से 100 नंबर पर फोन करके पुलिस को जानकारी देने की बात कहे। चालक प्रवीन ने 100 नंबर पर पुलिस को घटना की सूचना दी और बताया कि दो युवक जेवरात रखा झोला लेकर बाइक से भाग गए। उसके बाद फिर वह कोतवाली पहुंच कर पुलिस कर्मियों को मामले से अवगत कराया। घटना की खबर पाते ही पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह मौके पर पहुंच गए। पीड़ित व्यवसायी ने झोले में ढाई किलोग्राम चांदी के जेवरात, 125 ग्राम सोने के जेवरात और 18000 रुपये नकदी होने की बात बताई।
पुलिस ने पीड़ित व्यवसायी से पूछताछ की। झोला लेकर जाते समय किसी को देखने के सवाल पर पीड़ित व्यवसायी ने इंकार कर दिया। जबकि चालक प्रवीन और नौकर महेश यादव ने भी पुलिस की पूछताछ में किसी के जरिए झोला लेकर भागने की घटना को देखने से इंकार किया। जबकि पीड़ित व्यवसायी ने साढ़े छह लाख कीमत के जेवरात और 18 हजार नकदी रखा झोला गायब होने की रट लगाया था। एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी के चालक ने 100 नंबर पर बाइक सवार दो युवकों के जरिए जेवरात रखा झोला लेकर भागने की सूचना दी और बाद में पूछताछ में किसी युवक को झोला लेकर जाते नहीं देखा। आस-पास के किसी व्यक्ति ने इस तरह की घटना होने की पुष्टि नहीं की। वैसे पीड़ित व्यवसायी की तरफ से तहरीर मिलने पर पुलिस कार्रवाई करेंगी और मामले का पर्दाफाश भी करेंगी। चालक से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसके मोबाइल का काल डिटेल से जानकारी जुटाई जा रही है।