गोरखपुर। बड़हलगंज में दोहरीघाट सरयू पुल पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार जितेंद्र निषाद (22) की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। वहीं बांसगांव इलाके में पिकअप की चपेट में आने से महिला की जान चली गई।
बड़हलगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बढ़याटिकुर निवासी जितेंद्र निषाद मंगलवार की शाम तीन बजे बाइक से आजमगढ़ फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
अभी वह दोहरीघाट सरयू पुल पर पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया। उसकी चपेट में बाइक आ गई। जितेंद्र के सिर में चोट लगी थी। स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर ने जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जितेंद्र हेलमेट नहीं लगाए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि शायद हेलमेट होता तो युवक की जान बच सकती थी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बांसगांव प्रतिनिधि के अनुसार इलाके के गुआर निवासी जयराम बेलदार की पत्नी संतराजी (45) बगल के गांव टेढ़वा में समूह की बैठक में शामिल होने जा रही थीं। सड़क पार करते समय पिकअप की चपेट में आने से संतराजी की मौत हो गईं। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक फरार हो गया था। सरहरी प्रतिनिधि के अनुसार गुलरिहा के डुमरी नंबर एक बुद्ध बाजार निवासी जितेंद्र चौहान और अरविंद चौहान बाइक से गिरकर घायल हो गए। ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित हो गई थी। पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।