मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 1321 का हुआ इलाज
जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर आयोजित किया गया स्वास्थ्य मेला
कोविड हेल्प डेस्क में आए 826 मरीजों में 192 की आरटीपीसीआर जांच हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन रविवार को जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर हुआ। इस मेले में 1321 मरीजों की निशुल्क जांच और दवाइयां दी गईं। कोविड हेल्प डेस्क में कुल 826 लोग आए, जिनमें से 192 की आरटीपीसीआर जांच की गई। स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन मगहर में सीएमओ डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने किया।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने कहा कि बीते कई महीनों कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण से मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला आयोजित नहीं हो पा रहा था। फिलहाल खुशी की बात है कोविड प्रोटोकाल के साथ यह आयोजन हम दोबारा करने का प्रयास कर रहे हैं। कोरोना काल ने हमें यही सिखा दिया है कि स्वास्थ्य अब हमारी प्राथमिकता है। इसमें लापरवाही हम सभी के लिए घातक होगी। इसलिए मेरी अपील है कि कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए लोग मेले में आएं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें। उन्होंने बताया कि जिले के 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेले में गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही। इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की निशुल्क सेवाएं दी गईं। पीएचसी पर जो जांचें नहीं हो पाईं उन मरीजों को जांच के लिए सीएचसी अथवा जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सबसे अधिक त्वचा के रोगी मिले
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में कुल 1321 लोगों की को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला। इसमें 530 पुरुष, 583 महिलाएं और 208 बच्चे शामिल रहे। इनमें सांस के 105, मधुमेह के 67, त्वचा रोग के 257, ब्लड प्रेशर के 52 , एनीमिया के 17, लीवर के 16, संभावित टीबी के 1, प्रसव पूर्व जांच के 27 तथा अन्य रोगों के 779 रोगी पहुंचे। इनमें से दो को मेडिकल कॉलेज एक को नेत्र सर्जरी के लिए रेफर किया गया। 65 लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया।