भ्रामक पोस्ट से विधायक को बदनाम करने की कोशिश
- समर्थक राकेश बघेल नाम से फेसबुक पर बनाई गई है आईडी
- पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। समर्थक राकेश बघेल नाम से फर्जी आईडी बनाकर कुछ अराजक तत्वों ने मेंहदावल विधायक के खिलाफ भ्रामक पोस्ट फेसबुक और व्हाट्सएप पर प्रसारित किया है। यह आरोप विधायक राकेश बघेल के करीबी ने लगाया। उन्होंने मंगलवार की देर शाम मेंहदावल पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
विधायक के करीबी और बखिरा क्षेत्र के समदा गांव निवासी सौरभ सिंह का आरोप है कि सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर वर्तमान विधायक राकेश बघेल की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। जिससे विधायक की मान प्रतिष्ठा के साथ-साथ उनके पार्टी के प्रति समर्पण व विश्वास को भी ठेस पहुंचाया जा रहा है। इससे लोगों में रोष है। उनका आरोप है कि 17 जनवरी की रात नौ से साढ़े नौ बजे के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति के जरिए समर्थक राकेश बघेल नाम से फर्जी आईडी बनकार फेसबुक पर भ्रामक पोस्ट किया गया। उसी व्यक्ति द्वारा पूर्व में भी ऐसा किया गया था। इस कृत्य से मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल के सम्मान, समर्पण और विश्वास को ठेस पहुंचा है। समर्थक राकेश बघेल फर्जी आईडी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा संचालित की जा रही है। जिससे इस चुनावी समय में कानून व्यवस्था को भी एक तरफ से चुनौती दी जा रही है। ऐसा करना हमारी सुरक्षा के प्रति कुठाराघात है। इस मामले में मंगलवार को सौरभ सिंह ने मेंहदावल पुलिस को तहरीर दी। एसओ जयबर्द्धन सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।