खजुरी गांव में पूर्व विधायक के घर का वाउड्रीवाल गिराती जेशी मशीन ।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
बसपा के पूर्व विधायक की दुकानें और चहारदीवारी ढहाई
- प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ खजुरी और राजेडीहा में चलाया अभियान
- पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खां बोले, बिना पक्ष सुने की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा (संतकबीरनगर)। मेंहदावल तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान के दौरान बसपा के पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खां की दुकानें और घर की चहारदीवारी ढहा दी।
जानकारी के मुताबिक, एसडीएम अजय कुमार तिवारी, सीओ अंबरीष भदौरिया और नायब तहसीलदार योगेंद्र पांडेय शाम चार बजे के करीब 22 सदस्यीय टीम के साथ राजेडीहा गांव पहुंचे। यहां टीम ने पूर्व विधायक मोहम्मद ताबिश खां की राइस मिल के पास सार्वजनिक भूमि पर बनीं दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद टीम खजुरी गांव पहुंची और खां के घर की चहारदीवारी ढहा दी। एसडीएम ने बताया कि अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया है। इस दौरान तीन थानों की फोर्स मौजूद रही।
प्रशासन की कार्रवाई के वक्त मोहम्मद ताबिश खां अपने करीबी पूर्व विधायक भगवानदास के साथ एडीएम कार्यालय पहुंचे हुए थे। उन्होंने एडीएम मनोज कुमार सिंह को मेंहदावल तहसीलदार की ओर से दिया गया नोटिस और अन्य कागजात दिखाते हुए आरोप लगाया कि उनका पक्ष सुने बगैर कार्रवाई की गई है। कहा कि बिना पैमाइश कराए ही मनमाने तरीके से उनकी दुकानें और मकान की चहारदीवारी गिरा दी गई। पूर्व विधायक ने कहा है कि प्रशासन की अन्यायपूर्ण कार्रवाई से उन्हें एक करोड़ रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।