जहर खाने से छात्रा की मौत
दो भाइयों के बीच में इकलौती बहन थी किरन
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र के बहराडाड़ी गांव की रहने वाली 11वीं छात्रा की जहर खाने से मंगलवार की रात उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। बुधवार को सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन छात्रा के जरिए उठाए गए आत्मघाती कदम से दुखी थे, लेकिन यह नहीं बता पाए कि छात्रा ने आखिर किस कारण से जहर खाकर जान दे दी।
धनघटा क्षेत्र के बहराडाड़ी गांव निवासी 17 वर्षीय किरन पुत्री छोटेलाल कक्षा 11वीं में पढ़ती थी। वह दो भाइयों के बीच इकलौती बहन थी। मां की मौत पहले ही हो चुकी है। पिता मजदूरी करते हैं। जबकि बड़ा भाई 19 वर्षीय सूरज गाना गाकर परिवार के खर्च में हाथ बंटाता है। छोटा भाई 12 वर्षीय द्वारिकाधीश में पढ़ता है। मंगलवार की शाम चार बजे के करीब किरन घर पर अकेली थी। उसी दौरान किरन ने अज्ञात कारणों से जहर खा लिया। हालत बिगड़ी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन उसे लेकर पहले सीएचसी मलौली गए, जहां गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उपचार करके उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया। गोरखपुर ले जाने की परिजन तैयारी कर ही रहे थे कि उसी दौरान उसकी मौत हो गई। चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट वीरेंद्र यादव ने बताया कि छात्रा की मौत जहर खाने से हुई है। परिजन यह नहीं बता पा रहे हैं कि छात्रा ने आखिर क्यों जहर खाया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।