जिले के तीनों सीटों पर भाजपा को मिली जीत
धनघटा व खलीलाबाद में भाजपा तो मेंहदावल में भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी की हुई जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। प्रदेश में फिर सरकार बनने और जिले की तीनों सीटों पर भाजपा और गठबंधन की जीत से उत्साहित कार्यकर्ता परिणामों की सूचना मिलते ही जश्न में डूब गए। मतगणना स्थल हीरालाल राम निवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद के आसपास भाजपा व निषाद पार्टी के समर्थकों की भारी भीड़ देखी गई। यह सिलसिला मतगणना के दौरान पार्टी के प्रत्याशियों की बढ़त के साथ ही शुरू हो गई थी।
सबसे पहले धनघटा सुरक्षित विधानसभा सीट का परिणाम आया और भाजपा के गणेशचंद्र चौहान ने जीत हासिल की। मतगणना के दौरान गणेशचंद्र परिसर में ही मौजूद रहे। जैसे-जैसे उनकी बढ़त होती रही वैसे-वैसे उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। परिणाम आने के बाद जैसे ही वह परिसर से निकले, वैसे ही उनके समर्थकों ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। इसके बाद मेंहदावल विधानसभा सीट से भाजपा व निषाद पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी अनिल कुमार तिवारी की जीत की खबर आई तो भाजपा व निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं का जश्न दोगुना हो गया। इसी बीच खलीलाबाद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अंकुरराज तिवारी के भी जीतने की खबर मिली तो परिसर के अंदर व बाहर मर्थक उनके मतगणना स्थल पर आने की प्रतीक्षा करते रहे। जैसे ही वह मतगणना स्थल पर पहुंचे हर तरफ ढोल नगाड़े बजने लगे और उत्साहित कार्यकर्ता जश्न में डूब गए।