हत्या के तीनों आरोपी भेजे गए जेल
अत्याधिक रक्त स्राव बना मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। गोरखपुर जिले के कूरी बाजार निवासी नीरज यादव की हत्या के तीनों आरोपियों को धनघटा पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। नीरज की मौत की वजह उसके सिर से अधिक खून बहना पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है।
बृहस्पतिवार की रात कूरी बाजार निवासी 28 वर्षीय नीरज यादव को धनघटा क्षेत्र के औराडाड गांव के पास पीटकर मार डाला गया था। इस मामले में मृतक के भाई गोरखनाथ यादव ने औराडांड़ निवासी सनी सिंह समेत तीन लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराया था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई। पुलिस ने शनिवार को इस मामले के तीनों वांछितों को गिरफ्तार करने में सफलता भी हासिल कर ली। एसओ विनय कुमार पाठक ने बताया कि नीरज की मौत का कारण सिर से अधिक खून बहना पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है। इस मामले में आरोपी सनी सिंह, टेकई उर्फ भूपेंद्र सिंह और निक्की सिंह निवासी औराडांड़ को मदरहिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी सनी सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टूटी हॉकी औराडांड़ पोखरे के पास से बरामद की गई। एसओ ने बताया कि आरोपियों को भी काफी चोटें आई हैं। इनमें टेकई उर्फ भूपेंद्र को गंभीर चोटें लगी हैं।