बैंककर्मी समेत 29 मिलेे कोरोना पॉजिटिव
25 हुए स्वस्थ, जिले में एक्टिव केस 167, 1086 की रिपोर्ट का इंतजार
सभी संक्रमित होम आइसोलेशन में रखे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में बृहस्पतिवार को 29 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इनमें एक बैंककर्मी भी शामिल है। इन सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके साथ ही 25 लोग स्वस्थ भी हुए हैं। अब जिले में एक्टिव केस की संख्या 167 रह गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से मास्क लगाने और सामाजिक दूरी के पालन की अपील की है।
अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि बृहस्पतिवार को आई रिपोर्ट में कुल 29 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें खलीलाबाद ब्लॉक के 11, हैंसर के चार, नाथनगर के तीन, बेलहर का एक, बघौली के तीन, मेंहदावल के तीन और अन्य जिलों के चार लोग शामिल हैं। इनमें एक बैंककर्मी भी शामिल है। इन सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इन सभी की निगरानी स्वास्थ्य महकमा कर रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक दो वर्ष में 8403 लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं। 8138 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 98 की मौत हो चुकी है। इसके साथ ही 1186 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। उन्होंने कहा कि लोग सामाजिक दूरी का पालन करें और मास्क जरूर लगाएं। कोई दिक्कत आने पर चिकित्सक से संपर्क करें और उचित सलाह के बाद कोविड की जांच कराएं।