डायरिया से दो की मौत, 30 का चल रहा इलाज
नगर पंचायत मगहर के कई मोहल्लों में फैला प्रकोप, प्रदूषित पानी पीने से हुई समस्या
नगरवासियों का आरोप नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा भुगत रहे हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। नगर पंचायत मगहर के कई मोहल्लों में डायरिया का प्रकोप तेज हो गया है। शनिवार को एक बालक समेत दो की मौत हो गई। जबकि करीब 30 लोग डायरिया से पीड़ित है ंऔर इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम वार्डों में पहुंचकर लोगों की जांच कर दवा का वितरण कर रही है।
मगहर कस्बे के शेरपुर रेहरवा, इस्लामनगर जोकहिया, तिवारी टोला, तेली टोला, संतकबीर आदि मोहल्ले के लगभग 25 से 30 लोग शुक्रवार को डायरिया की चपेट में आए गए। इन लोगों को उल्टी- दस्त की समस्या शुरू हुई। परिवार के लोग इन्हें जिला अस्पताल लेकर गए। जहां कुछ लोगों को दवा देकर चिकित्सकों ने घर भेज दिया, जबकि तीन लोगों को भर्ती कर इलाज कर रहे हैं। इसके साथ ही शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भी 13 लोग भर्ती हैं। इसी तरह से शनिवार की दोपहर इस्लामनगर रेहरवा निवासी फिरोज पुत्र नूरुद्दीन उम्र 13 वर्ष की डायरिया से मौत हो गई है। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मगहर निवासी विनय कुमार यादव ने बताया कि 50 वर्षीय अज्ञात शख्स कस्बे में भीख मांगकर खाता था। दोपहर में उनके दरवाजे पर पहुंचा और डायरिया से पीड़ित बताया। उसे एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल गए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को भी दी। इधर, डायरिया से दो लोगों की मौत होने की सूचना पर नगर प्रशासन ने आनन-फानन वार्डों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव शुरू कर दिया। जबकि नगरीय स्वास्थ्य केेंद्र मगहर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर दीपक ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ नगर का भ्रमण कर दवाओं का वितरण व स्वास्थ्य परीक्षण करने में जुट गए।
ये लोग हैं डायरिया से पीड़ित
इस्लाम नगर निवासी संध्या छह वर्ष, शिवन्या तीन वर्ष पुत्री अजय, प्रेम 13 पुत्र ब्रम्हदेव, अन्नू पुत्र रामनाइक 38वर्ष, अभिनय पुत्र लक्ष्मण 18 वर्ष, विनय पुत्र लक्ष्मण 15 वर्ष, अंजली पत्नी रामजी 22 वर्ष, टेलीटोला निवासी राहुल गुप्ता पुत्र राकेश 21 वर्ष, मोनू गुप्त, शशांक श्रीवास्तव 27 वर्ष, महेंद्र गुप्त 32 वर्ष, दिनेश प्रजापति 36 वर्ष, सोनू 28 वर्ष, रवि 32 वर्ष, ममता देवी 32 वर्ष, अनंत प्रकाश चौबे 52 वर्ष, प्रेम 14 वर्ष उल्टी दस्त से पीड़ित है। इसमे से शशांक, महेंद्र, दिनेश, सोनू, रवि, ममता, अनंत प्रकाश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसी तरह से कुल 30 लोग डायरिया से पीड़ित है।
दूषित पानी बन रहा डायरिया का कारण: नगरवासी
मगहर। नगर में शुक्रवार से ही डायरिया की बीमारी ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। मरीजों की संख्या में वृद्धि न हो इसके लिए नगरीय स्वास्थ्य केंद्र मगहर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर दीपक के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने डायरिया से पीड़ित मरीजों के घर घर जाकर दवाइयां बांटीं। इसके साथ ही नगर के विभिन्न मुहल्लों में जाकर स्थिति का जायजा भी ले रही है। जबकि नगर भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष रणजीत कन्नौजिया, डायरिया से पीड़ित मोनू गुप्ता, विजय प्रकाश कांदू का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा पेयजल की व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नगर के लिए पेयजल हेतु सप्लाई में हो रहे दूषित जल के सेवन से लोग बीमार पड़ रहे हैं। नालियां गंदी हैं और भठीं पड़ी हैं। छिड़काव नहीं है। वहीं, मनोनीत सभासद त्रिलोकीनाथ वर्मा व अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदूषित जल में बदबू आदि के होने की शिकायत कई बार नगर प्रशासन से की गई, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। जिस डोजर मशीन से पानी की टंकी में दवा का छिड़काव होता है, उसकी भी क्षमता नगण्य है। नगर पंचायत प्रशासन द्वारा की जा रही अनदेखी से भयानक परिणाम आज सामने हैं कि एक बार पुन: नगर डायरिया जैसी जानलेवा बीमारी की जद में आ चुका है। नगर प्रशासन अभी भी नहीं चेता तो नगर को बड़ी त्रासदी का सामना करना पड़ सकता है। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी ज्योतिमा वर्मा का कहना है कि नगर में साफ सफाई, नाली नालों में छिड़काव, दवा वितरण किया जा रहा है। पानी में नियमित ब्लीचिंग डाला जा रहा है।