पौली ब्लाॅक के गोविंदगंज बाजार में लगा रोजगार मेला
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। विकास खंड पौली स्थित विश्वनाथ शारदा देवी महाविद्यालय भरदौलिया माफी गोविंदगंज बाजार में बृहस्पतिवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें कुल 417 बेरोजगारों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इसमें से 117 को रोजगार मिला।
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन और जिला सेवायोजन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में लगे रोजगार मेले का उद्घाटन विधायक गणेश चंद चौहान ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि सरकार आज बेरोजगारों को उनके क्षेत्र में ही साक्षात्कार कराकर रोजगार मुहैया करा रही है।केंद्र व प्रदेश सरकार ने रोजगार के हर द्वार खोल दिए हैं। इससे बेरोजगारों की संख्या दिन-प्रतिदिन कम हो रही है।
जिला सेवा योजन अधिकारी शैलेंद्र शुक्ल ने बताया कि रोजगार मेले में कुल नौ कंपनियां अपने-अपने क्षेत्र में रोजगार देने का लक्ष्य लेकर आई थीं। इसमें कुल 417 अभ्यर्थियों ने रोजगार का ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किया। इसमें कुल 117 को रोजगार मिला। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने का पत्र सौंपा गया। उन्होंंने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजना के अंतर्गत राजीव गांधी कंप्यूटर साक्षरता मिशन पर भी रोजगार दिया जा रहा है।
इस अवसर पर राममिलन यादव, आयुष ओझा, डॉ. सुखराम चौधरी, सुनेश्वर नायक, उमेश सिंह, बबलू जायसवाल, रामवचन आजाद, वीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।