11 केंद्रों पर होगी परीक्षा, 2791 परीक्षार्थी पंजीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। 20 जनवरी को आयोजित होने वाली नवोदय विद्यालय के कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा की तैयारी को लेकर बृहस्पतिवार को डीआईओएस कार्यालय में बैठक हुई। इसमें प्रवेश परीक्षा को सुचारु और शुचितापूर्ण कराए जाने के लिए जिम्मेदारों को निर्देश दिए गए।
डीआईओएस संदीप कुमार चौधरी ने बताया कि इस साल कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 2791 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। जिले में कुल 11 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारु रूप से आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट, पुलिस व केंद्र स्तरीय प्रेक्षक की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त नवोदय विद्यालय की ओर से सचल दस्ते का भी गठन किया गया है। बैठक में सभी केंद्रों के प्रभारियों को परीक्षा की शुचिता, व्यवस्था और पैकिंग के संबंध में जानकारी दी गई। सभी केंद्र अधीक्षकों को सामग्री उपलब्ध करवा दी गई है।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य आनंद कुमार मिश्र ने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी अपना प्रवेशपत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षार्थियों को प्रवेश परीक्षा के दिन प्रवेशपत्र और वैध पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना है। सभी खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय व नवोदय विद्यालय में भी प्रवेश पत्र उपलब्ध हैं। किसी प्रकार की असुविधा होने पर परीक्षार्थी इन कार्यालयों में संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में उन छात्रों को परीक्षा में न शामिल होने की हिदायत दी गई है जो कूटरचित दस्तावेज के जरिए अपना नाम व जन्मतिथि बदल कर परीक्षा फार्म भरे हैं या दोबारा परीक्षा में बैठने की कोशिश कर रहे हैं। पकड़े जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के फार्म भरवाने में अहम भूमिका निभाने के लिए एबीएसए ज्ञान चंद्र मिश्र बेलहर कला, एबीएसए अर्जुन प्रसाद खलीलाबाद और एबीएसए अरुण प्रताप सिंह नाथनगर को प्रमाणपत्र व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विनय कुमार मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।