11,891 लोगों को कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई गई
संतकबीरनगर। जिले के 11 स्वास्थ्य केंद्रों पर शुक्रवार को कोरोना टीकाकरण शिविर आयोजित हुआ। साथ ही 50 गांव में भी शिविर लगाया गया। टीकाकरण का लक्ष्य 31,600 रखा गया था। उसके सापेक्ष 11,891 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।
सीएमओ डॉ इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के तहत शुक्रवार की सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक टीकाकरण किया गया। जिला अस्पताल, सीएचसी खलीलाबाद, पीएचसी पौली, सीएचसी नाथनगर, सीएचसी सांथा, सीएचसी सेमरियावां, सीएचसी मेंहदावल, सीएचसी हैंसर, पीएचसी बेलहर, पीएचसी बघौली समेत 50 गांव शिविर लगाकर टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि खलीलाबाद सीएचसी पर टीकाकरण का लक्ष्य 3500 रखा गया था। उसके सापेक्ष 1435 लोगों को टीका लगाया गया। पौली में 3000 के सापेक्ष 750, नाथनगर में 3400 के सापेक्ष 1590, सांथा में 3400 के सापेक्ष 1663, सेमरियावां में 3400 के सापेक्ष 940, मेंहदावल में 3500 के सापेक्ष 620, हैंसर बाजार में 3400 के सापेक्ष 1370, बेलहर में 3500 के सापेक्ष 2000, बघौली में 3400 के सापेक्ष 1200, जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में 600 के सापेक्ष 200 और उप स्वास्थ्य केंद्र मगहर में 500 के सापेक्ष 123 लोगों को वैक्सीन लगाई गई।