संभल। गांव रामपुर मोहकम में युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। ग्रामीणों का दावा है कि बाइक सवार तीन लोग एक ग्रामीण के घर ट्रैक्टर से बैटरी चोरी का प्रयास कर रहे थे। ट्रैक्टर स्वामी के भाई ने शोर मचाया तो आरोपी फायर करते हुए भाग गए थे। कुछ दूरी पर एक युवक का शव पड़ा मिला। जिसके सीने में गोली लगी हुई थी। पुलिस ने ट्रैक्टर स्वामी की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। देर शाम शव की शिनाख्त थाना कैलादेवी क्षेत्र के गांव लालपुर तिगरी निवासी सत्यवीर सिंह (31) पुत्र लाइक सिंह के रूप में हुई। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। चर्चा है कि युवक मेहनत मजदूरी करता था लेकिन कई बार आपराधिक गतिविधियों में जेल भी गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर मोहकम निवासी मुकेश शर्मा पुत्र बाबूराम शर्मा ने पुलिस को तहरीर में बताया कि रविवार की देर रात उनके घर के बाहर बनी दुकान में खड़े ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने का प्रयास किया गया। बताया कि जब कुत्तों के भौंकने से उनके भाई रामेंद्र शर्मा जाग गए तो वह बाहर पहुंचे तो देखा एक व्यक्ति बाइक पर बैठा था जबकि दो लोग ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। शोर मचाने पर एक बदमाश ने फायर किया और मौके से भाग गए। बताया कि फायर की आवाज से ग्रामीण जाग गए। आरोपियों की खोजबीन करने पर कुछ दूरी पर एक युवक मृत अवस्था में मिला। जिसके सीने में गोली लगी हुई थी।
ग्रामीणों का दावा है कि बदमाशों ने ही अपने साथी को गोली मारी है। जिससे उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। सोमवार की देर शाम शव की शिनाख्त हो गई। युवक की पत्नी कमलेश और तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक के भाई वीरपाल ने बताया कि उनका भाई रविवार को गांव ओरंगपुर देवरी स्थित ससुराल एक रिश्तेदार के घर हुई गमी में शामिल होने के लिए गया था। बताया कि ससुराल से ही रविवार की शाम तीन लोग दावत खिलाने का हवाला देकर साथ ले गए थे। जब देर रात तक सत्यवीर नहीं लौटा तो ससुरालियों ने तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह में फोन कर पूछा तो उन्हीं तीनों लोगों में से किसी एक ने फोन उठाया और कहा कि सत्यवीर सो रहा है।
वीरपाल ने आरोेप लगाते हुए कहा कि उन्हीं तीन लोगों ने हत्या कर शव गांव रामपुर मोहकम में डाला है। चोरी का आरोप गलत है। उसका कहना है कि उनका भाई परिवार की गुजर के लिए मेहनत मजदूरी करता था। रजपुरा थाने के इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है कि जिस व्यक्ति के ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने का प्रयास किया गया। उसकी तहरीर के आधार पर चोरी और गैर इरादतन हत्या की अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। युवक की पहचान हो चुकी है। परिजनों से भी जानकारी की जा रही है।
दस बजे बाइक लेकर पहुंचे दो लोग, एक ने पहने हुए थे सत्यवीर के जूते
संभल। सत्यवीर की पत्नी का कहना है कि जिन तीन लोगों के साथ उसके पति गए थे। उनमें से दो लोग सोमवार की सुबह करीब दस बजे उसके मायके पहुंचे और पति की बाइक दी। जब सत्यवीर की जानकारी की तो उन्होंने बताया कि वह अभी सो रहे हैं। कमलेश ने बताया कि जो दो लोग बाइक लेकर पहुंचे थे उनमें से एक व्यक्ति ने सत्यवीर के जूते पहने हुए थे। महिला का कहना है कि उसके पति की हत्या की गई है।
गोली लगने से युवक की मौत हुई है। ग्रामीणों ने बताया है कि ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने का कुछ लोग प्रयास कर रहे थे। जाग होने पर आरोपी भागे और फायर किए। इसी दौरान आरोपियों की गोली ही उनके एक साथी को लगी और मौत हो गई। इस पूरी घटना की पुलिस जांच कर रही है। जांच के आधार पर ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
चक्रेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक, संभल