संभल। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सैमला में मंगलवार की सुबह में घरेलू लाइन का तार सही करते वक्त युवक को करंट लग गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे चार माह की बेटी को छोड़ गया है।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सैमला निवासी टिंकू यादव (21) पुत्र जुगेंद्र सिंह मंगलवार को घरेलू लाइन का तार गांव के बाहर लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से सही कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया। करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पत्नी नेमवती देवी ने बताया कि सुबह 11:30 बजे बिजली घर पर नहीं आ रही थी। पीने के पानी की समस्या बनी हुई थी। बिजली सप्लाई सही करने गए थे। हाईटेंशन लाइन का करंट लग गया। तत्काल निजी वाहन से पवांसा के निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक के पिता जुगेंद्र सिंह ने बताया कि गाजियाबाद में रहकर बेटा मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। चार बहन-भाइयों में टिंकू यादव दूसरे नंबर का था। गुरुवार को गाजियाबाद मजदूरी करने जाना था। लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। बेटे की चार माह की बेटी भी हैं।