गंगा एक्सप्रेस वे पर संभल के गांव खिरनी मोहिद्दीनपुर से काम शुरू हो गया है। फिलहाल अभी अधिग्रहित जमीन को मशीन लगाकर समतल किया जा रहा है। गंगा एक्सप्रेस वे पर काम शुरू होने से लोगों में हर्ष व्याप्त है।
कार्यदायी संस्था फसलों को मशीनों ने जोत कर जमीन को समतल करने में जुटी है, ताकि सड़क निर्माण में लगने वाले वाहन और मशीनों को ले जाने और जाने का रास्ता तैयार हो सके। अधिग्रहित कुछ जमीनों पर जिन किसानों की फसलें खड़ी हैं, कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने उन्हें काटने को कहा है। ताकि काम बाधित न हो। एक्सप्रेस वे की टीम के सदस्यों ने बताया कि फिलहाल 17 किलोमीटर का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य खिरनी, ढबारसी और उझारी तक शुरू किया जाएगा।
मालूम हो मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले छह लेन के गंगा एक्सप्रेस-वे पर संभल जनपद में दो जंक्शन बनाएं जाएंगे। जंक्शन लिए मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर चंदौसी के पास गांव मझोला और स्टेट हाईवे पर संभल गवां के बीच खिरनी गांव को निर्धारित किया गया है। दोनों स्थानों पर वाहनों के उतार व चढ़ाव की व्यवस्था होगी। जिले में एक्सप्रेस-वे के लिए 450 करोड़ रुपये की भूमि अधिग्रहित की गई है। संभल जिले में गंगा एक्सप्रेस वे करीब 38 किलोमीटर होकर गुजरेगा। जो संभल तहसील के 17 और चंदौसी तहसील के 14 गांवों से होकर गुजरेगा।
इन गांवों से होकर गुजरेगा गंगा एक्सप्रेस-वे
संभल। संभल तहसील के गांव सहरा, ततारपुर, संदल, निबौरा, खिरनी, मुजाहिद्दीनपुर, बसला, लहरशीश, बंजरपुर, सुजातपुर, कसेरूआ, भटौला, अझरा, ईसापुर, सुनवारी, बहादरपुर उर्फ सराय, रसूलपुर, धतरा, करीमपुर, चिरौली, भगवंतपुर, चंदौसी तहसील के गांव बलरामपुर, किरारी, अतरासी, मिर्जापुर, अख्तारा, धर्मपुर, ढाढोल, राजपुर, बिसारू, लहरावन, अचलपुर, मझोला, रायपुर, फतेहपुर समशोई, नगलिया कठेर गांव से होकर एक्सप्रेस-वे गुजरेगा।