चंदौसी। मौसम में परिवर्तन होने से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुखार सहित अन्य बीमारियों का उपचार कराने वालों की भीड़ लगी हुई है। इसमें बुखार व खुजली के मरीजों की संख्या सबसे अधिक है। सीएचसी में रोजाना 400 मरीज उपचार व दवा लेने पहुंच रहे हैं। चिकित्सक भी लोगों से सावधानी बरतने की बात कह रहे हैं।
मौसम में जैसे-जैसे बदलाव हो रहा है, वैसे-वैसे संक्रामक रोग भी फैलने शुरू हो गए हैं। सीएचसी में सुबह से ही उपचार कराने वाले पीड़ितों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है। पर्चा बनवाने, चिकित्सक को दिखाने तथा दवा लेने को लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। अस्पताल पहुंचने वालों में ज्यादा मरीज बुखार, खुजली, खांसी, जुकाम है।
गुरुवार को 400 मरीजों ने अपने पर्चे बनवाने। इसमें 300 से अधिक बुखार से पीड़ित थे। रोजाना ही 400 से अधिक पर्चे अस्पताल में बनाए जा रहे हैं। सीएचसी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरवेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव होने के कारण वायरल फीवर का संक्रमण ज्यादा फैल रहा है। वह अस्पताल आने वाले मरीजों को बाहर की चीजों का सेवन न करने, घर व आसपास साफ-सफाई रखने, खाने-पीने की वस्तुओं को खुला न छोड़ने सहित ठंडे पानी का सेवन न करने की हिदायत दे रहे हैं।
चिकित्सक का कहना है कि टाइफाइड व मलेरिया के लक्षण मरीज में दिखने पर उसकी अस्पताल में जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद उसका समुचित उपचार किया जाता है।