सांसद ने गुरुवार को मीडिया से उस समय बातचीत की जब वह भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक असली की महापंचायत में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भारत के विदेश मंत्री और राजदूत ने तालिबान संगठन से बातचीत की है।
संभल के सपा सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। सांसद का कहना है कि तालिबान का समर्थन नहीं किया तब भाजपा ने साजिश के तहत मेरे खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करा दिया। तो क्या अब सरकार के प्रतिनिधि जो तालिबान से बातचीत कर रहे हैं उनके खिलाफ भी देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होगा?
विज्ञापन
सांसद ने कहा कि वह कौम के लिए जान दे देंगे। सरकार चाहे उन्हें फांसी पर लटका दे या जेल भेज दे, लेकिन हक की बात करते रहेंगे। सांसद ने गुरुवार को मीडिया से उस समय बातचीत की जब वह भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक असली की महापंचायत में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भारत के विदेश मंत्री और राजदूत ने तालिबान संगठन से बातचीत की है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब उनके खिलाफ भी देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होगा। दरअसल सांसद के खिलाफ संभल कोतवाली में भाजपा नेता राजेश सिंघल की तहरीर के आधार पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था। भाजपा नेता ने तालिबान का समर्थन करने और भावनाएं आहत करने की बात कही थी। जिसके आधार पर संभल कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उसी मुकदमे के आधार पर सांसद ने सरकार पर पलटवार किया है।
विज्ञापन
सांसद का कहना है कि उन्होंने तो कोई समर्थन किया नहीं था, लेकिन उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। अब तो विदेश मंत्री और राजदूत ने तालिबानियों से बातचीत की है तो क्या उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज होगा। सांसद ने कहा कि भाजपा संविधान बदलना चाहती है। मुस्लिम और दलितों का हक छीनना चाहती है। कहा कि लेकिन हम संविधान से छेड़छाड़ नहीं होने देंगे। इसके लिए चाहे जेल जाना पड़े या कुर्बानी देनी पड़े। हक की आवाज उठाते रहेंगे।