संभल। पवांसा बिजलीघर के परिसर में सोमवार को ठाठी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप रहा कि गांव का एक व्यक्ति बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों की मदद से बिजली चोरी कर मशीनें चलाता है। इससे ओवरलोडिंग हो जाती है और आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकते रहते हैं। ग्रामीणों ने चंदौसी डिविजन के एसडीओ देहात अनिल कुमार को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने में दो बार ट्रांसफार्मर फुंक चुका है। ओवरलोडिंग के चलते यह ट्रांसफार्मर दोनों बार फुंका है। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद बिजली विभाग सुध नहीं लेता और ग्रामीण आपस में रुपये एकत्र कर गाड़ी का किराया और अन्य खर्च देते हैं तब सुनवाई होती है। ग्रामीणों का कहना है कि जो व्यक्ति बिजली चोरी कर रहा है वह बेल्डिंग का काम करता है। बेल्डिंग की मशीन चलती है तो ओवरलोड हो जाता है। जिससे घरेलू विद्युत उपकरण टीवी, पंखा, वॉशिंग मशीन, फ्रिज और कूलर आदि सामान खराब हो जाता है। कम ज्यादा बिजली सप्लाई होने से पिछले एक महीने में गांव के करीब 15 समबर्सिबल की मोटर खराब हो चुकी हैं। ग्रामीणों का दावा है कि बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों की सांठ-गांठ के बाद यह बिजली चोरी की जा रही है। प्रदर्शन् करने वालों में जयप्रकाश सैनी, मुकेश कुमार, रामप्रकाश, रामप्रसाद, भवानी, रामभजन, प्रीतम, बिजेन्द्र, महावीर, शिवचंद्र, सुभाष, तेजपाल, राकेश, नरेंद्र सिंह, श्यामलाल, सत्येंद्र, मनोज कुमार, रतन पाल, विनोद कुमार, वीरपाल, प्रेम सिंह, राहुल, रामफल सिंह, रामफूल सिंह, चंद्रपाल आदि मौजूद रहे।