सौंधन। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव पस्तोरा में आठ दिन पूर्व पैसों के लेनदेन को लेकर दो भाइयों में पैसा लेने आए अपने रिश्तेदार से विवाद हो गया। इस दौरान रिश्तेदार को गंभीर चोट लगी। जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा था। जहां मंगलवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव बबनपुरी कलां निवासी अमर सिंह पुत्र भूदेव (55) बीते 11 अप्रैल को गांव पस्तोरा में अपने रिश्तेदार वालिस्टर, खिलेंद्र, रामनिवास तीनों भाइयों से अपने एक लाख रुपये उधार के लेने गया था। मृतक के भाई चंद्रपाल ने बताया की पैसे मांगने पर तीनों भाइयों ने अमर सिंह की बुरी तरह पिटाई की। जिससे उसके गंभीर चोट आई। जिसके बाद सूचना पर पहुंची डायल 112 घायल को थाने लेकर आई तथा उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा और पुलिस ने वालिस्टर और रामनिवास दोनों भाइयों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। उसी समय हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ित का कहना है कि गंभीर चोटिल करने के बाद भी पुलिस ने आरोपियों का चालान शांतिभंग में किया। अब उपचार के दौरान मौत हो गई है। पीड़ित ने हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। कैलादेवी के थाना प्रभारी रविंद्र कुमार राठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिली नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।