संभल के गांव भमौरी में हादसे मं बुजुर्ग की मौत होने के बाद गमजदा परिजन।
- फोटो : SAMBHAL
कैलादेवी थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दवा लेकर लौट रहे किसान को कुचल दिया। हादसे में किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर-टॉली को कब्जे में ले लिया।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के भमौरी पट्टी गांव निवासी यादराम(65) किसान थे। परिजनों के मुताबिक वह काफी समय से बीमार चल रहा थे। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे यादराम घर से दवा लेने के लिए सौंधन मोहम्मदपुर गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गए थे। दवा लेकर लौटने के दौरान जैसे ही वह संभल-सौंधन मार्ग पर पहुंचे तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटना में यादराम गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान राहगीरों ने ट्रैक्टर-ट्राली को मय चालक पकड़ लिया, साथ ही इसकी सूचना 112 नंबर पर डायल कर दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर किसान के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक ट्रैक्टर-ट्राली पुलिस के कब्जे में थी और चालक हिरासत में था। घटना की बाबत कोई रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं की गई थी।