चंदौसी। थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव खुशहालपुर में दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव नसीलपुर निवासी शाहरुख अपने रिश्तेदार मक्खन उर्फ मजीद के साथ बाइक से गुरुवार की दोपहर अजमेर का रिजर्वेशन कराने रेलवे स्टेशन आए थे। शाम चार बजे वापस घर लौटते समय गांव खुशहालपुर के पास सामने से आ रही बाइक से भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार शाहरुख व मक्खन उर्फ मजीद गंभीर रूप से घायल हो सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां दोनों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने के दोनों घायलों के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। वहीं दूसरी बाइक सवार के भी हल्की चोटें आई है।