संभल के कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव मलपुर भवानी में रविवार की सुबह घर से निकली बच्ची हादसे में घायल हो गई। इस बात पर पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष के लोग भिड़ गए। कई राउंड फायरिंग भी हुई। इससे गांव में भगदड़ मच गई। झगड़े में दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है। संभल के थाना कुढ़फतेहगढ़ के गांव मलपुर भवानी निवासी सीताराम की नातिन मोनिका (4) शनिवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से बाहर निकली थी। इस दौरान बालिका रास्ते में गांव निवासी हरि सिंह की बाइक के आगे आ गई। बालिका गिरकर मामूली रूप से चोटिल हो गई। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी होने पर सीताराम ने यूपी-112 पर पुलिस को सूचना दे दी।
सीताराम व अन्य परिजन आरोपी हरि सिंह के घर पहुंच गए और बालिका के उपचार कराने की बात कही। पुलिस ने समझौते का प्रयास कराया। इस दौरान पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए और मारपीट के साथ फायरिंग शुरू हो गई। दस से 12 राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग में सीताराम पक्ष के सीताराम, देवकी, गजराम, राजाराम, प्रेमपाल, प्रधान अरविंद मौर्य, यशपाल, प्रेम सिंह, चंद्रपाल, दूसरे पक्ष के खुशीराम, उनकी बेटी पिंकी घायल हो गए। घायलों को सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद गांव में पुलिस बल पहुंच गया। इस दौरान अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर आरोपी के भाई को छुड़़ाया
विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची के घायल होने और मारपीट के मामले में आरोपी हरि सिंह के भाई खुशीराम को पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया था। इस पर परिजनों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की कर खुशीराम को गाड़ी से उतार लिया। इसके बाद मारपीट और फायरिंग शुरू हुई।
फायरिंग होने पर पुलिसकर्मी भी मौके से दौड़े
बच्ची के घायल होने पर विवाद की सूचना पर यूपी-112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से कुछ दूरी पर पुलिस की गाड़ी खड़ी थी। फायरिंग शुरू होने पर पुलिस ने दौड़कर अपनी जान बचाई और गाड़ी लेकर मौके से गायब हो गए। सूचना पर बाद में थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
गांव मलपुर भवानी में मामूली विवाद में दो पक्षों में झगड़ा हुआ है और फायरिंग हुई है। घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-चक्रेश मिश्र, एसपी, संभल